श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम हमले के बाद सुरक्षा कारणों से बंद किए गए टूरिस्ट प्लेसों के उद्यानों को बारी-बारी से फिर से खोला जा रहा है, ताकि पर्यटक उन स्थलों पर घूम सकें. उन्होंने कहा कि पहले चरण में 17 जून से कुछ स्थानों को फिर से खोला जाएगा.
उपराज्यपाल दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के नुनवान आधार शिविर का दौरा करने के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे. सिन्हा ने बताया कि पहले चरण में जिन स्थलों को पर्यटकों के लिए फिर से खोलने का निर्णय लिया गया है, उनमें प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में बीताब घाटी और पहलगाम बाजार के पास के पार्क, अनंतनाग जिले में वेरीनाग, कोकेरनाग और अचबल उद्यान शामिल हैं.
उन्होंने बताया, “पहले चरण में आठ स्थलों को फिर से खोला जा रहा है. अगले चरण में कुछ अन्य स्थलों को फिर से खोला जाएगा.” उपराज्यपाल ने कहा कि दोनों क्षेत्रों के संभागीय आयुक्तों और पुलिस महानिरीक्षकों वाली समिति जिलों से रिपोर्ट लेगी और फिर पर्यटन विभाग के परामर्श से कुछ अन्य स्थानों को फिर से खोला जाएगा.
उपराज्यपाल ने कहा, “हर तरफ से प्रयास किए जा रहे हैं, भारत सरकार भी श्रीनगर में संसदीय प्रतिनिधिमंडलों, समितियों आदि की बैठकें करेगी. इससे विश्वास बहाल होगा.” सिन्हा ने तीन जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा पर कहा कि सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और लोगों से बड़ी संख्या में यहां आने की अपील की गई है.
उन्होंने कहा, “लेकिन मैं उनसे (लोगों से) अनुरोध करता हूं कि वे जम्मू से ही काफिले में यात्रा करें. सुरक्षा एजेंसियों ने उनके यहां आने के लिए एक योजना बनाई है और उन्हें उसी योजना पर कायम रहना चाहिए.” सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीएपीएफ) ने वार्षिक तीर्थयात्रा के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं.
Source by [author_name]